इस कालेज की स्थापना उ०प्र० के पूर्व मुख्यमंत्री श्री चन्द्रभानु गुप्त जी द्वारा की गई थी। इस विद्यालय को स्थापित करने का प्रमुख उद्देश्य लखनऊ जिले एवं प्रदेश के उन राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बच्चों को शिक्षा सुविधा उपलब्ध कराना था जो देश की आजादी में अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई में हिस्सा ले रहे थे जिसके कारण उनके बच्चों को प्रवेश में प्रतिबन्ध लगा दिया गया था। इस उद्देश्य से श्री गुप्ता जी द्वारा स्थापित यह विद्यालय वर्ष 1936 से प्रगति के पथ पर अग्रसर है। इण्टरमीडिएट विद्यालय की श्रृंखलाओं में यह विद्यालय अपने सिद्धान्तों एवं मूल्यों का सदैव अनुसरण करता चला आ रहा है। विद्यालय के शिक्षा सत्र 2024-25 में हाईस्कूल का परीक्षाफल 91.33 प्रतिशत एवं इण्टरमीडिएट का परीक्षाफल 66.45 प्रतिशत रहा है। विद्यालय में शिक्षा सत्र 2024-25 में अध्ययनरत छात्र/छात्राओं की संख्या 975 थी। विद्यालय में कला, वाणिज्य एवं विज्ञान विषयों के पठन-पाठन हेतु पृथक व्यवस्था है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में विद्यालय को हॉकी अण्डर 14, 17 व 19 आयु वर्ग के बालक-बालिका का जिलास्तरीय और मण्डल स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता हेतु संयोजक बनाया गया था। परिणामस्वरूप विद्यालय ने चन्द्रभानु गुप्त खेल मैदान में 13-14 सितम्बर, 2024 तक उक्त सभी प्रतियोगिताओं को सम्पन्न कराकर राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने हेतु पाँच मण्डलीय टीमों का चयन किया जिसमें नेशनल इण्टर कालेज के 06 छात्र चयनित हुए।
ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2024 में विद्यालय के कक्षा 12 के 2 छात्र रमन एवं आदर्श मौर्या ने क्रमशः गोल्ड एवं सिल्वर मेडल जीतकर राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए पात्रता अर्जित किया।
एसजीएफआई द्वारा आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में विद्यालय के कक्षा-11सी की छात्रा आध्या सेठ ने जिला और मण्डल स्तर पर गोल्ड मेडल प्राप्त करके स्टेट लेबल प्रतियोगिता में सम्मिलित होने का गौरव प्राप्त किया। स्टेट लेबल प्रतियोगिता में यद्यपि लखनऊ मण्डल की टीम हार गयी फिर भी आध्या सेठ ने हिम्मत नहीं हारी और चैलेंज के जरिए स्टेट लेबल टीम में अपना स्थान बनाकर नेशनल स्कूल बैडमिंटन प्रतियोगिता 2024 में प्रतिभाग किया।
विद्यालय की 12 सदस्यीय प्रबन्ध समिति के गठन हेतु दिनांक 16.03.2025 को मोतीलाल मेमोरियल सोसाइटी के साधारण सभा की बैठक आहूत की गयी थी। निर्वाचित 12 सदस्यों में से पदाधिकारियों का निर्वाचन किया गया जिसमें सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद हेतु श्री उज्जवल रमण सिंह, उपाध्यक्ष पद हेतु श्री राजेन्द्र प्रसाद यादव, मंत्री/प्रबन्धक पद हेतु डा० गणेश चन्द्र मिश्रा, उप मंत्री/उप-प्रबन्धक पद हेतु श्री अमित प्रताप सिंह तथा कोषाध्यक्ष पद हेतु श्रीमती विद्या यादव निर्वाचित घोषित किये गये।